15 साल के आर्यन की दर्दनाक मौत! तेज रफ्तार बाइक पुल की रेलिंग से टकराई, परिवार में मचा कोहराम


 मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड के रतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगापुर पंचायत स्थित खोनमा पुल पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई, जिससे 15 वर्षीय छात्र आर्यन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान आर्यन कुमार (15 वर्ष), पिता दिलीप सिंह, निवासी गंगापुर वार्ड संख्या-5 के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक काफी तेज गति में थी। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे पुल की रेलिंग से जा भिड़ी।

हादसा इतना भीषण था कि आर्यन कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आर्यन अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही रतवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

तेज रफ्तार ने एक बार फिर एक मासूम की जान ले ली। एक पल की लापरवाही ने एक परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ